बहराइच : पेंशनर्स की समस्याओं के निराकरण के लिए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित 11वें पेंशनर्स दिवस के अवसर पर 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले 09 पेंशनर्स हरिकेश श्रीवास्तव, अज़मत खॉ, राम फेर मिश्रा, नान बाबू श्रीवास्तव, तेज बहादुर श्रीवास्तव, राम नेवाज तिवारी, इन्द्राज सिंह, राम प्रताप सिंह व नज्जन अली को अंगवस्त्र भेंट कर व पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्षिता तिवारी, जिला विकास अधिकारी राज कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी नरोत्तम शरण तथा संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति के पदाधिरकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर पेंशनर्स दिवस का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर पेंशनर्स तरूण चन्द्र व शीतला सिंह द्वारा सम्मानगीत भी प्रस्तुत किया गया।
पंेशनर्स दिवस को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह बात अवश्य याद रखनी होगी कि एक दिन उन्हें भी इसी कतार में खड़े होना है। इसलिए सभी पेंशनर्स से वैसा ही व्यवहार करें, जैसा अपने सेवानिवृत्त होने पर दूसरे से अपेक्षा रखते हैं। कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपनी समस्याओं के सम्बन्ध में आने वाले पेंशनर्स का हर हाल में सम्मान किया जाय तथा पूरी सहानुभूति के साथ उनकी समस्याओं की सुनवाई कर समय से समाधान भी कराया जाय।
