इंडोनेशिया में भूकंप के बाद सुनामी में मरने वालों की संख्या 800 से अधिक, पीएम मोदी ने जताया दुख

जकार्ता। इंडोनेशिया में भूकंप के बाद आई सुनामी में मरने वालों की संख्या 832 हो गई है जबकि कम से कम 540 लोग जख्मी हुए हैं। इस प्राकृतिक आपदा में कई लोग लापता भी हो गए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी शनिवार दोपहर से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में लगे हुए हैं। इस आपदा के कारण कई मस्जिद, शॉपिंग मॉल और घर उजड़ गए। इंडोनेशिया की भौगोलिक स्थिति के कारण वहां भूकंप का खतरा हरदम बना रहता है।

इंडोनेशिया में शुक्रवार को भूकंप के बाद सुनामी आई थी। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.7 मापी गई है। इंडोनेशिया का पालू शहर भूकंप के बाद सुनामी से प्रभावित हुआ। दिसम्बर 2004 में पश्चिमी इंडोनेशिया के सुमात्रा में 9.3 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके कारण आई सुनामी के कारण हिंद महासागर क्षेत्र के कई देशों में 2.20 लाख लोग मारे गए थे।

पीएम मोदी ने इंडोनेशिया में सुनामी से हुए विनाश पर जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया में आई सुनामी और भूकंप के कारण हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया है। मोदी ने रविवार को ट्वीट संदेश में कहा, इंडोनेशिया के मध्य सुलावेसी में सुनामी और भूकंप के कारण जन हानि और विनाश के नुकसान से गहरा दुख हुआ। उनके प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। भारत इस कठिन समय में अपने समुद्री पड़ोसी के साथ खड़ा है।

About The Author