विवेक हत्याकांड: पत्नी की नौकरी को नगर निगम ने शासन को भेजा प्रस्ताव

विवेक हत्याकांड: पत्नी की नौकरी को नगर निगम ने शासन को भेजा प्रस्ताव

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के विवेक तिवारी हत्याकांड मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तेवर को देखते हुए विवेक की पत्नी कल्पना तिवारी को नौकरी देने की प्रक्रिया में तेजी आ गयी है। सोमवार को लखनऊ नगर निगम प्रशासन ने शैक्षिक योग्यता के आधार पर खाली पदों पर नियुक्ति का प्रस्ताव शासन को भेज दिया।

दरअसल योगी सरकार ने एक दिन पहले कल्पना तिवारी को सरकारी नौकरी देने का आश्वासन दिया था। कल्पना अपने बच्चों के साथ आज सुबह मुख्यमंत्री से मिलने भी गयीं थीं। इस मुलाकात के थोड़ी देर बाद ही नौकरी देने की प्रक्रिया में तेजी आ गयी। लखनऊ के नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी कल्पना के आवास पहुंचे और उनका शैक्षिक प्रमाण पत्र लेकर प्रक्रिया को निपटाने में जुट गये।

 नगर आयुक्त ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि स्व. विवेक तिवारी की पत्नी कल्पना तिवारी को केंद्रीयकृत सेवा के तहत नौकरी का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुसार नगर निगम में जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) समेत कुछ पद रिक्त हैं। उन्होंने बताया कि कल्पना तिवारी की शैक्षिक योग्यता स्नातकोत्तर (एमए) है। ऐसे में पीआरओ समेत अन्य पदों पर नियुक्ति का प्रस्ताव बनाकर आज ही शासन को भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि नियुक्ति का आदेश शासन द्वारा ही निर्गत होगा।

एप्पल कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक तिवारी की 28 सितम्बर देर रात राजधानी लखनऊ में गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी। इसमें दो पुलिस वाले आरोपी हैं। हालांकि घटना के बाद ही दोनों पुलिस कर्मियों को बर्खास्त कर जेल भेज दिया गया है, लेकिन इस मामले में प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की बड़ी किरकिरी हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना को बहुत दुखद बताया है। उन्होंने इस जघन्य कृत्य के दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही मृतक विवेक तिवारी की पत्नी को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई और उन्हें सरकारी नौकरी का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने विवेक तिवारी की दोनों बेटियों और मां की आर्थिक मदद के लिए भी पांच-पांच लाख रुपये देने का निर्देश दिया है।

About The Author