केंद्र सरकार ने फेंटे सीबीआई के पत्ते, 13 अफसर बदले

केंद्र सरकार ने फेंटे सीबीआई के पत्ते, 13 अफसर बदले

नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से मिल रही औपचारिक जानकारी के मुताबिक एजेंसी में छिड़े घमासान के बीच कुल 13 अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। यानी केंद्र सरकार ने ताश के पत्ते की तरह सीबीआई के अधिकारियों फेंटना शुरू कर दिया है।

संयुक्त निदेशक एनएम सिंह की हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि दिल्ली मुख्यालय में पदस्थापित उप-महानिरीक्षक मनीष कुमार सिन्हा को नागपुर सीबीआई कार्यालय भेज दिया गया है। चंडीगढ़ में पदस्थापित उप-महानिरीक्षक तरुण गाबा को दिल्ली मुख्यालय भेजा गया है। उधर, दिल्ली मुख्यालय के विशेष शाखा में पदस्थापित उप-महानिरीक्षक अनिश प्रसाद को उपनिदेशक (कार्मिक व प्रशासन) बनाया गया है।

 इसी के साथ विशेष शाखा में पदस्थापित उपमहानिरीक्षक जसबीर सिंह को मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। फिर दिल्ली मुख्यालय में पदस्थापित उपमहानिरीक्षक केआर चौरसिया को चंडीगढ़ विशेष शाखा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मुख्यालय दिल्ली में पदस्थापित उपमहानिरीक्षक रामगोपाल को चंडीगढ़ भ्रष्टाचार निरोध शाखा का अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया है।

साथ ही दिल्ली मुख्यालय के आर्थिक अपराध शाखा में पदस्थापित अधीक्षक सतीश डागर को भ्रष्टाचार शाखा का अधीक्षक बना दिया गया है। इसके साथ ही कुछ और अधिकारियों के तबादले की चर्चा है। इतना ही नहीं, अभी तक राकेश अस्थाना के खिलाफ दर्ज मामले की जांच अधिकारी उपाधीक्षक एके बस्सी को भ्रष्टाचार निरोधक शाखा का प्रभारी बना दिया गया है। वह पहले मुख्यालय स्थित सीबीआई भ्रष्टाचार निरोधक शाखा-3 में पदस्थापित थे। अब वह राकेश अस्थाना के खिलाफ जांच नहीं कर पाएंगे।

About The Author